बेतिया: मैट्रिक में बेटियों और किसान के बेटे ने लहराया सफलता का परचम!

SHARE:

रिपोर्ट- मनोज कुमार


बेतिया से इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा परिणाम में कई होनहार छात्रों ने जिले का नाम रोशन किया है। लक्ष्मीपुर गांव की छात्रा शिवांगी कुमारी ने 484 अंक प्राप्त कर सातवां स्थान हासिल किया। आर हाईस्कूल की छात्रा शिवांगी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और परिवार को दिया। उनके पिता सुनील कुमार सिंह पोस्टमैन के साथ किसान भी हैं, जबकि मां श्वेता सिंह गृहिणी हैं। शिवांगी ने बताया कि वह सोशल मीडिया से दूर रहकर पढ़ाई करती थीं और आगे सिविल सेवा की तैयारी कर डीएम बनना चाहती हैं।
इसी तरह संत टेरेसा स्कूल की छात्रा माही कुमारी शर्मा ने भी 484 अंक (96.8%) लाकर सातवां रैंक प्राप्त किया। बानूछापर के लक्ष्मी नगर की रहने वाली माही ने बिना कोचिंग के यह सफलता हासिल की। वह रोज 7–8 घंटे स्वअध्ययन करती थीं और आगे कानून की पढ़ाई करना चाहती हैं। उनके पिता मोहन कुमार पेशे से प्लंबर हैं और मां ललिता देवी गृहिणी हैं। माही ने भी अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया।
वहीं योगापट्टी प्रखंड के अहरौली गांव के सत्यम कुमार ने 482 अंक (96.2%) हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया। किसान पिता राजेंद्र चौरसिया और मां सुनीता चौरसिया के बेटे सत्यम ने रोज 10–12 घंटे पढ़ाई कर यह मुकाम पाया। वह भी आगे सिविल सेवा की तैयारी करना चाहते हैं।
तीनों छात्रों की इस सफलता से पूरे जिले में खुशी की लहर है। घर-घर बधाइयों का तांता लगा है और लोगों का कहना है कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

Join us on: