:- रवि शंकर अमित!
बेगूसराय जिले में एलपीजी सिलेंडर की सुचारू एवं पारदर्शी वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री द्वारा लगातार समीक्षा की जा रही है। जिला प्रशासन उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने हेतु पूर्ण रूप से सक्रिय एवं प्रतिबद्ध है।
इसी क्रम में जिला स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा प्राप्त जांच प्रतिवेदन के आधार पर पूजा एचपी गैस एजेंसी के विरुद्ध ‘आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955’ की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथ ही, दुकान बंद पाए जाने के कारण आयुष भारत गैस ग्रामीण वितरक एवं रामदिरी इंडेन ग्रामीण वितरक से स्पष्टीकरण की मांग की गई है। इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रकार की अनियमितताओं के लिए 09 अन्य गैस एजेंसियों को कड़ी चेतावनी जारी की गई है।
जिला नियंत्रण कक्ष में अब तक कुल 405 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 300 मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है। प्राप्त शिकायतों को तत्परता से संबंधित गैस एजेंसियों एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को अग्रसारित कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित कराया जा रहा है।
दिनांक 29 मार्च 2026 को कुल 14,918 बुकिंग के विरुद्ध 10,550 एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति की गई है। वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 4,234 बुकिंग प्राप्त हो रही है, जबकि औसत वितरण 4,710 सिलेंडर प्रतिदिन किया जा रहा है, जो आपूर्ति व्यवस्था में सुधार को दर्शाता है।
उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गैस एजेंसियों की कार्य अवधि को 08 घंटे से बढ़ाकर 10 घंटे कर दिया गया है। इसके साथ ही डिलीवरी कर्मियों को सप्ताह के सभी सातों दिन कार्यरत रहने का निर्देश दिया गया है, ताकि समयबद्ध वितरण सुनिश्चित किया जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा सभी गैस वितरकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उल्लंघन की स्थिति में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




