रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
बिहार के उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने मधुबनी जिले के पंडौल औद्योगिक क्षेत्र में स्थित सावि ग्लोबल फैशन लेदर फैक्ट्री का भव्य उद्घाटन किया। यह फैक्ट्री 400 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई है और इसमें टेक्सटाइल्स और लेदर उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। इस फैक्ट्री के उद्घाटन से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। बताते चले कि पूर्व उद्योग मंत्री समीर महासेठ के कार्यकाल में इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई थी और जमीन उपलब्ध कराई गई थी। इस अवसर पर सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे प्रदेशों में न जाना पड़े, वे अपने राज्य में ही सम्मानजनक जीवनयापन कर सकें। उन्होंने बताया कि बिहार में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं, जिसमें सड़क, बिजली, और नई औद्योगिक नीति 2025 शामिल हैं। वही समीर महासेठ ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि सावि ग्लोबल फैशन लेदर फैक्ट्री का उद्घाटन होने से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और जिले के विकास में तेजी आयेगी। उन्होंने बताया कि पंडौल औद्योगिक क्षेत्र में ही मेरे द्वारा पूर्व में शिलान्यास किया गया एक बड़ी दवा फैक्ट्री का भी जल्द उद्घाटन होगा। सावि ग्लोबल फैशन लेदर फैक्ट्री में लेदर जैकेट, बेल्ट, बैग, वॉलेट, स्कर्ट और टॉप जैसे उत्पाद बनाए जाएंगे। सावि लेदर्स एक प्रमुख निर्यातक और निर्माता है, जो अपनी उत्पाद नवाचार और मजबूत ग्राहक सेवा के लिए जाना जाता है। मौके पर डी एम आंनद शर्मा, एस पी योगेन्द्र कुमार, मंत्री संजय झा, शहनवाज हुसैन, गिरिराज सिंह, मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, विनोद नारायण झा, माधव आनंद, घनश्याम ठाकुर, पूर्व मंत्री सह राजद नेता शमिर महासेठ सहित अन्य पदाधिकारी, राजनीतिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थें।




