बेगूसराय- सदर अस्पताल कांड मामले मे एक्शन, दो स्वास्थ्य कर्मी निलंबित!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

बेगूसराय जिला प्रशासन ने सदर अस्पताल में घटित एक घटना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए कड़ी कार्रवाई की है। सिविल सर्जन-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, बेगूसराय द्वारा कर्तव्य में लापरवाही एवं अमानवीय व्यवहार के आरोप में दो चतुर्थवर्गीय कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि सदर अस्पताल, बेगूसराय में एक मरीज के ऑपरेशन के उपरांत कटे हुए मानव अंग (पैर) के निस्तारण में निर्धारित बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन मानकों का पालन नहीं किया गया। संबंधित कर्मियों द्वारा उक्त अंग को नियमानुसार सुरक्षित तरीके से निस्तारित करने के बजाय कचरा ट्रॉली में छोड़ दिया गया, जो अत्यंत गंभीर लापरवाही का द्योतक है।

अगली सुबह उक्त ट्रॉली अस्पताल परिसर के बाहर रखे जाने के दौरान एक आवारा कुत्ता उस कटे हुए अंग को मुंह में लेकर भागने लगा। उपस्थित लोगों एवं कर्मियों की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित किया गया और अंग को पुनः सुरक्षित किया गया।

इस घटना को प्रशासन ने अत्यंत गंभीरता से लेते हुए दोषी कर्मियों—श्री सुनील कुमार मल्लिक एवं श्री राजेश पासवान—को बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के अंतर्गत निलंबित कर दिया है।

निलंबन अवधि के दौरान श्री राजेश पासवान का मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बरौनी तथा श्री सुनील कुमार मल्लिक का मुख्यालय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मटिहानी निर्धारित किया गया है।

साथ ही, संबंधित कर्मियों के विरुद्ध विधिवत विभागीय कार्यवाही प्रारंभ करते हुए आरोप पत्र (चार्जशीट) शीघ्र निर्गत किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या संवेदनहीनता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सभी स्वास्थ्य संस्थानों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे है।

Join us on:

और पढ़ें