रिपोर्ट – ऋषभ कुमार
वैशाली जिले के हाजीपुर प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय मुरलिया चक में एक आपत्तिजनक नृत्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे शिक्षा के माहौल पर सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम स्कूल की शिक्षा समिति के अध्यक्ष मलाई सिंह की बेटी की शादी के अवसर पर आयोजित किया गया था। बारातियों के मनोरंजन के लिए स्कूल परिसर को ही रंगमंच बना दिया गया, जहां कथित तौर पर दर्जनभर नर्तकियों ने अश्लील गानों पर डांस किया।
स्कूल के सहायक शिक्षक संजय सिंह ने बताया कि अध्यक्ष मलाई सिंह ने स्कूल का मुख्य गेट तोड़कर परिसर में स्टेज प्रोग्राम करवाया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि स्कूल के नाम शिक्षा समिति द्वारा लिखे गए स्लोगन को कागज से ढक दिया गया था। इस मामले पर स्कूल के प्रिंसिपल या अन्य शिक्षक कुछ भी कहने को तैयार नहीं हैं।
इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर तीखी बहस छिड़ गई है। लोग शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और स्कूल परिसर के दुरुपयोग पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं।
सदर थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि इस संबंध में स्कूल पक्ष की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस आवेदन का इंतजार कर रही है और मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) से संपर्क करने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है और वे मामले की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।




