रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
बिहार सरकार के पर्यटन विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के काफिले के एक वाहन ने सोमवार देर शाम मधुबनी जिले के बासोपट्टी बाजार स्थित कर्पूरी चौक के पास दो युवकों को कुचल दिया है। इस हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिनमें एक की स्थिति नाजुक बनी हुई है। स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से जख्मियों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बासोपट्टी पहुंचाया गया, लेकिन बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल मधुबनी रेफर कर दिया गया। घटना के बाद घायलों के परिजनो को बेहद परेशान देखा गया हैं, जबकि स्थानीय स्तर पर चर्चा जोरों पर है कि मंत्री का काफिला रुककर पीड़ितों की सुधि लेने तक उचित नहीं समझा। मिली जानकारी के अनुसार, मंत्री अरुण शंकर प्रसाद मनमोहन गांव से लौट रहे थे और उनका काफिला कई वाहनों के साथ कर्पूरी चौक के निकट एक गैरेज के सामने से गुजर रहा था। इसी दौरान काफिले के एक वाहन ने स्कूटी पर सवार दो युवकों को ठोकर मार दी। हादसे का शिकार हुए युवक की पहचान शिलानाथ बरही निवासी मनोज दास के पुत्र आशुतोष कुमार के रूप में हुई है। आशुतोष मैट्रिक परीक्षा देकर अपने फूफा के घर पर रहकर पढ़ाई कर रहे थे और दोस्त के पास मानसिंहपट्टी बैग लाने जा रहे थे। वहीं उनके जख्मी दोस्त का पहचान बासोपट्टी के बुंदेलखंड गांव निवासी लक्ष्मी पासवान के पुत्र धर्मेंद्र पासवान के रूप में की गई है। आशुतोष की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि धर्मेंद्र की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। सोमवार देर शाम सदर अस्पताल मे इलाज कर रहे चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया। स्थानीय पुलिस ने हादसे वाली क्षतिग्रस्त स्कूटी को जब्त कर लिया है, लेकिन जख्मि युवक के परिजनों ने अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। परिजनों ने दूरभाष पर बताया है कि मंत्री के काफिले में सुरक्षा कारणों से तैनात वाहन तेजी से गुजर रहा था और इसी वाहन से हादसा का शिकार हो दोनो युवक घायल हो गया है। घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दुर्घटना के बाद काफिला रुकने के बजाय तेजी से आगे निकल गया। इस बीच, सोशल मीडिया पर मंत्री के काफिले के गुजरते समय का वीडियो वायरल हो गया। तो वहीं, अरुण शंकर ने घायलों की इलाज के लिए अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए, स्थानीय लोगों के बीच मंत्री को लेकर लोगों मे कोई आक्रोश नहीं है और शांति बनी हुई है। वाइरल वीडियो में हादसे की झलक दिखाई दे रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक की पहचान करने की कोशिश में जुटी हुई है। यह हादसा क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और वीआईपी काफिलों की गति को लेकर बहस छेड़ने वाला बना हुआ है।




