रिपोर्ट :- शशिकांत मिश्रा!
लखीसराय: जिले की राजनीति में उस समय खलबली मच गई, जब जमीन से जुड़े फर्जीवाड़ा मामले में लखीसराय नगर परिषद के उप सभापति शिव शंकर राम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई पटना जाने के दौरान बड़हिया इलाके में की गई। गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने की है।
पुलिस के अनुसार, उप सभापति पर आरोप है कि उन्होंने फर्जी दस्तावेजों का सहारा लेकर दान पत्र के माध्यम से जमीन अपने पक्ष में कराने का प्रयास किया। शिकायत मिलने के बाद मामले की विस्तृत जांच कराई गई, जिसमें दस्तावेजों में गंभीर अनियमितता सामने आई।
यह मामला लोधिया गांव निवासी प्रशांत कुमार की शिकायत से प्रकाश में आया था। उन्होंने उप सभापति सहित पांच लोगों के खिलाफ आरोप लगाया था कि उनकी जमीन से संबंधित कागजात में हेरफेर कर अवैध रूप से दान पत्र तैयार कराया गया। जांच में यह भी सामने आया कि जिस भूमि को दान में दर्शाया गया, वह वास्तव में किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज थी।
प्रशासनिक स्तर पर निबंधन कार्यालय, अंचल कार्यालय और एडीएम कार्यालय द्वारा दस्तावेजों की जांच की गई, जहां प्रथम दृष्टया फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिसके तहत गिरफ्तारी की गई।
एसपी ने बताया कि उप सभापति के खिलाफ एक से अधिक जमीन मामलों में गड़बड़ी के आरोप सामने आए हैं, जिनकी अलग-अलग बिंदुओं पर जांच चल रही है। पुलिस अब यह भी खंगाल रही है कि इस पूरे प्रकरण में और कौन-कौन लोग शामिल रहे हैं।
गिरफ्तारी के बाद नगर परिषद और जिले के राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।



