डीएम की अध्यक्षता में जीविका, बेगूसराय की समीक्षात्मक बैठक का आयोजन!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में आज दिनांक 16.02.2026 को जीविका, बेगूसराय की समीक्षात्मक बैठक का आयोजन कारगिल विजय सभागार में संपन्न हुआ।

बैठक में जीविका द्वारा जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक अविनाश कुमार ने जिले में संचालित गतिविधियों, उपलब्धियों तथा भावी रणनीतियों पर विस्तार से प्रस्तुति दी।

बैठक के दौरान महिला सशक्तीकरण, स्वावलंबन, आजीविका संवर्धन एवं स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों पर गहन चर्चा हुई। जिला पदाधिकारी ने योजनाओं के समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए उन्होंने स्पष्ट किया कि लाभार्थियों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी ने छोटे एवं सूक्ष्म उद्यमों को प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया तथा परंपरागत गतिविधियों से आगे बढ़ते हुए हस्तशिल्प, कला और नवाचार आधारित उद्यमों को बढ़ावा देने का निर्देश दिया। साथ ही कृषि, गैर-कृषि, पशुपालन एवं कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों के विस्तार के साथ उत्पादों की पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग को सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया।

बैठक में प्रखंड स्तर पर संचालित कार्यों की प्रगति, चुनौतियों एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। जिला पदाधिकारी ने कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा नियमित अनुश्रवण की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिला परियोजना प्रबंधक को निर्देशित किया।
बैठक में जीविका के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Join us on: