बेगूसराय जिलाधिकारी ने नारकोटिक्स समन्वय की महत्वपूर्ण बैठक की!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

आज दिनांक 16 फरवरी 2026 को बेगूसराय में जिला स्तरीय NCORD (नारकोटिक्स समन्वय) की बैठक जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मनीष, सिविल सर्जन, वरीय उप समाहर्ता सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मादक पदार्थों की रोकथाम एवं कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही अंतर्राज्यीय मामलों की सूचना समय पर राज्य मुख्यालय एवं संबंधित एजेंसियों को उपलब्ध कराने तथा उनसे समुचित सहयोग प्राप्त करने पर बल दिया गया।

जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आमजनों से अवैध मादक पदार्थों से संबंधित सूचना प्राप्त करने हेतु टोल-फ्री नंबर के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया गया। स्वास्थ्य संबंधी पहल के तहत सदर अस्पताल, बेगूसराय में नशा विमुक्ति हेतु अलग वार्ड को संचालित करने का निदेश सिविल सर्जन को दिया गया। इसके अतिरिक्त जिले के सभी पाँच अनुमंडलों के लिए ड्रग्स पहचान उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रारंभ करने को भी कहा गया।

जिला पदाधिकारी ने मादक पदार्थ मामलों में संलिप्त अपराधियों का विस्तृत डाटाबेस तैयार करने, सभी आरोपितों की दागी पंजी अद्यतन करने तथा कांडों की प्रविष्टि संबंधित तंत्र में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, जिसके लिए आवश्यक संस्थागत सहयोग प्राप्त किया जाएगा।

अंत में, जिला पदाधिकारी ने मादक पदार्थों की तस्करी पर नियंत्रण, व्यापक जनजागरूकता तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन हेतु सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

Join us on: