:- रवि शंकर अमित!
मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना से युवाओं को मिला प्रशासनिक अनुभव, 11 प्रशिक्षुओं ने दिया योगदान
- शैक्षणिक योग्यता के आधार पर युवाओं को प्रतिमाह 4 से 6 हजार रूपये का दिया जा रहा है स्टाइपेंड
पटना, 2 फरवरी।
मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के अंतर्गत श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा नियोजक की भूमिका में योजना के पोर्टल पर प्रकाशित छह इंटर्नशिप कार्यक्रमों के तहत कुल 17 रिक्तियों के विरुद्ध प्राप्त आवेदनों में चयनित अभ्यर्थियों में 11 प्रशिक्षुओं ने सोमवार को विभाग में अपना योगदान दे दिया है। इन सभी प्रशिक्षुओं में सोशल मीडिया एसोसिएट के दो, लीगल एंड पॉलिसी एसोसिएट के तीन, लेबर वेलफेयर एसोसिएट के तीन तथा फाइनेंस एंड एकाउंट्स एसोसिएट के तीन प्रशिक्षु शामिल हैं।
इस अवसर पर बिहार के श्रमायुक्त राजेश भारती ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना युवाओं को व्यवहारिक अनुभव प्रदान करने की दिशा में राज्य सरकार का एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय कदम है। यह योजना युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप अवसर प्रदान कर रही है और उन्हें राज्य की प्रशासनिक कार्यप्रणाली से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने चयनित प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गौरलतब है कि सीएम-प्रतिज्ञा योजना के तहत इंटर्नशिप करने वाले युवाओं को शैक्षणिक योग्यता के अनुसार 12वीं पास को 4 हजार रुपये, आईटीआई डिप्लोमा को 5 हजार रुपये और स्नातक और स्नातकोत्तर को 6 हजार रुपये का मासिक स्टाइपेंड दिया जाता है। गृह जिले से बाहर (बिहार में) इंटर्नशिप करने पर पहले तीन महीने तक 2 हजार रुपये प्रतिमाह और बिहार से बाहर इंटर्नशिप करने पर पूरी अवधि के लिए 5 हजार रुपये प्रतिमाह के रूप में अतिरिक्त भत्ता का भुगतान किया जाता है।




