मधुबनी- शातिर बदमाश व चोरी के आरोपी को पुलिस ने हथियार समेत दबोचा!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा

मधुबनी जिले के झंझारपुर अनुमंडल के अररिया संग्राम की पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना पुलिस ने घरों में चोरी करने वाले कुख्यात अपराधी संतोष चौपाल को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। अभियुक्त के खिलाफ पहले से ही चोरी, मारपीट, शराब बिक्री और अन्य अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। पूछताछ में उसने अंधराठाढ़ी, अररिया संग्राम और सुपौल क्षेत्रों में कई चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। उसके सहयोगियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर छापेमारी तेज कर दी गई है। गिरफ्तार अभियुक्त संतोष चौपाल पिता स्व. भोला चौपाल, निवासी रघुनंदनपुर, थाना अररिया संग्राम, जिला मधुबनी का रहने वाला है। उसके अपराधिक इतिहास में अररिया संग्राम थाने के छह मामले शामिल हैं। इनमें कांड संख्या 119/20 (धारा 272/273 भादवि एवं 30(ए) बिहार मध निषेध अधि. 2018), 182/20 (147/341/323/379/427/506 भादवि), 183/20 (341/323/379/504/506 भादवि), 249/20 (279/272/273 भादवि एवं 30(ए) बिहार मध निषेध अधि.), 109/22 (272/273 भादवि एवं 30(ए) बिहार मध निषेध अधि.) और रुद्रपुर थाने का कांड 116/24 (191(2)/191(3)/190/126 बीएनएस) प्रमुख हैं। इसके अलावा बिकानेर (राजस्थान) थाने में भी उसका अपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है। घटनाक्रम के अनुसार, 30 जनवरी 2026 को अररिया संग्राम थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रघुनंदनपुर से सुगरवे नदी की ओर जाने वाली सड़क पर पुलिया के पास एक संदिग्ध व्यक्ति हथियार लेकर घूम रहा है और अपने साथियों का इंतजार कर रहा है। शराब के खिलाफ छापेमारी के दौरान यह सूचना प्राप्त हुई। थानाध्यक्ष आयुष कुमार झा ने एसपी को सूचित कर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की गाड़ी देखकर संदिग्ध भागा, लेकिन बल के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके जींस पैंट के बाएं कमर में खोंसा हुआ एक देशी कट्टा और दाएं जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पूछने पर अभियुक्त ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। सभी सामान की जब्ती सूची बनाकर जब्त कर लिया गया है। अभियुक्त को गिरफ्तार कर थाने लाया गया और परिजनों को चौकीदार के माध्यम से सूचना दी गई। इस मामले में अररिया संग्राम थाने में कांड संख्या 05/26 (धारा 25(1-बी)/27 आर्म्स एक्ट) दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पूछताछ में संतोष चौपाल ने कबूल किया कि अंधराठाढ़ी थाना के अंतर्गत एक घर में उसके और सहयोगियों ने चोरी की है। दिनांक 10 जनवरी 2026 की रात अररिया संग्राम थाना क्षेत्र के विरेंद्र कुमार झा के घर से रुपए और जेवरात चुराए गए थे, जो भी उनके गैंग का काम था। सुपौल में भी उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। अभियुक्त ने स्वेच्छा से सहयोगियों के नाम बता दिए, जिनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सघन छापेमारी शुरू कर दी गई है। तो वहीं, पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज किया गया है। इस सफलता से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा। सभी सहयोगियों की शीघ्र गिरफ्तारी का भरोसा जताया गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तारीफ की और अपराधमुक्त क्षेत्र बनाने का आह्वान किया है।

Join us on: