रिपोर्ट– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के कलुआही थाना क्षेत्र के मलमल दक्षिण उतरवारी मोहल्ला, वार्ड संख्या–05 में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का गंभीर मामला सामने आया है। मोहल्ले में स्थित एक पुराना खत्ता/डाबरा (निकास स्थल), जो वर्षों से पूरे वार्ड के कचरा निस्तारण एवं नाले के निकास का प्रमुख माध्यम था, उस पर दबंगों द्वारा कब्जा कर मकान निर्माण कर लिए जाने का आरोप है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस डाबरा के माध्यम से पूरे मोहल्ले का गंदा पानी और कचरा निकलता था, लेकिन अवैध कब्जे के बाद निकास पूरी तरह बाधित हो गया है। इससे वार्ड में कचरा निस्तारण और सीवेज की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। नाला बंद होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है, जिससे दुर्गंध के साथ-साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। इस मामले को लेकर स्थानीय महिला अफरीन कौसर ने दिनांक 20 जनवरी 2025 को ज़िला अधिकारी एवं डीसीएलआर, मधुबनी को लिखित आवेदन देकर शिकायत की थी, लेकिन कई महीने बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से मोहल्ले के लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि प्रशासनिक उदासीनता के चलते हालात दिन-प्रतिदिन बदतर होते जा रहे हैं। पीड़िता अफरीन कौसर का आरोप है कि संबंधित भूमि सरकारी संपत्ति है, बावजूद इसके ज़ीशान अख़्तर द्वारा उस पर अवैध रूप से कब्जा कर मकान का निर्माण कर लिया गया है। उन्होंने प्रशासन से अवैध निर्माण को अविलंब ध्वस्त कराने तथा आम जनता के लिए कचरा एवं सीवेज निस्तारण की वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र प्रशासनिक कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने और उच्च अधिकारियों से शिकायत करने को बाध्य होंगे।




