नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत युवाओं के सशक्तिकरण की दिशा में SSB की अहम पहल!

SHARE:

रिपोर्ट– राजीव कुमार झा!

मधुबनी नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं को सशस्त्र बलों में भर्ती हेतु सक्षम, अनुशासित एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में 48 वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए समवाय दूलीपट्टी के अंतर्गत डी बी कॉलेज, जयनगर तथा समवाय जानकीनगर में आयोजित छह दिवसीय प्री रिक्रूटमेंट का सफल आयोजन सेना मे चयन के उद्देश्य से कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सशस्त्र बलों में भर्ती प्रक्रिया से संबंधित शारीरिक, लिखित एवं चिकित्सा परीक्षा के सभी आवश्यक मापदंडों की व्यवस्थित एवं वैज्ञानिक तैयारी प्रदान करना था। कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, नियमित अभ्यास, स्वास्थ्य जागरूकता तथा परीक्षा-उन्मुख प्रशिक्षण पर विशेष बल दिया गया।
उक्त छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 250 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया एवं प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूर्ण किया।
समापन अवसर पर डॉक्टर मंजीत भाटिया, कमांडेंट (मेडिकल), 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सशस्त्र बलों में चयन केवल शारीरिक क्षमता तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह मानसिक संतुलन, अनुशासन एवं उत्तम स्वास्थ्य का समन्वित परिणाम है।
उन्होंने युवाओं को फिजिकल फिटनेस, लिखित परीक्षा की सुदृढ़ तैयारी एवं चिकित्सा मापदंडों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया तथा संतुलित आहार, नियमित अभ्यास एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का मार्गदर्शन देते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर गोविंद सिंह भंडारी, कमांडेंट, 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर ने अपने संदेश में कहा कि नागरिक कल्याण कार्यक्रम के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को सही मार्गदर्शन, अनुशासन एवं आत्मविश्वास प्रदान कर उन्हें राष्ट्र सेवा हेतु तैयार करना सशस्त्र सीमा बल की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने इस सफल आयोजन में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की।
48 वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत सीमावर्ती क्षेत्रों में युवाओं के सर्वांगीण विकास एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन हेतु सदैव प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।

Join us on: