मुंगेर- खड़गपुर प्रखंड के गंगटा पंचायत का डीएम ने किया भ्रमण, समस्याओं के त्वरित समाधान के दिये निर्देश!

SHARE:

रिपोर्ट – सुमित कुमार

अनुसूचित जाति/जनजाति समुदाय के सर्वांगीण विकास एवं विभिन्न विकासपरक योजनाओं से वंचित अर्हित लाभुकों को आच्छादित करने के उद्देश्य से बुधवार 7 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने खड़गपुर प्रखंड अंतर्गत गंगटा पंचायत के दुधपनिया गांव का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर ग्रामीणों से मुलाकात की, योजनाओं के लाभ की स्थिति जानी और उनकी समस्याओं से रूबरू हुए।
गांव में पेयजल की गंभीर समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता को शीघ्र ठोस एवं समुचित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फ्लोराइड युक्त पानी से बीमार ग्रामीणों से भी उन्होंने व्यक्तिगत रूप से भेंट की और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को तत्काल स्वास्थ्य शिविर लगाकर सभी ग्रामीणों की चिकित्सीय जांच कराने तथा समुचित उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन पेयजल संकट के समाधान के प्रति गंभीर है।
इसके पश्चात प्राथमिक विद्यालय दुधपनिया में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों द्वारा ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त किए गए, जिन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शिविर में वृद्धजन पेंशन, अन्य पेंशन योजनाएं, उद्यमी योजना, मत्स्य पालन सहित कई योजनाओं की जानकारी दी गई और आवेदन लिए गए। साथ ही विद्युत आपूर्ति, मृदा जांच, नए आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण, फुटबॉल मैदान और मोबाइल टावर की व्यवस्था के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
शिविर के दौरान मुन्नी देवी को मात्र तीन घंटे में श्रम कार्ड बनाकर उपलब्ध कराया गया। जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह गांव में कैंप लगाने और पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म भी पूरी की तथा बच्चों के बीच चॉकलेट वितरित की। मौके पर अपर समाहर्ता मनोज कुमार, उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी खड़गपुर राजीव रोशन सहित जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

बाइट-निखिल धनराज निप्पाणीकर जिला अधिकारी मुंगेर

Join us on: