अपराध की साजिश नाकाम, पुलिस ने बरामद किया पिस्टल व दर्जनों कारतूस!

SHARE:

रिपोर्टर — राजीव कुमार झा

अपराध से पहले हुई कार्रवाई, एसपी के निर्देश पर विशेष अभियान में सफलता, अवैध शस्त्र बरामद

पुलिस की दबिश से खुला अपराध नेटवर्क का राज, मोबाइल भी हुआ जब्त— अन्य अभियुक्त की तलाश जारी

मधुबनी जिले में अपराध पर नियंत्रण के लिए मधुबनी पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत बाबुबरही थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अवैध हथियारों की बरामदगी करते हुए अपराध की एक बड़ी योजना को विफल कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 जनवरी 2026 को शाम लगभग 5:10 बजे बाबुबरही थाना पुलिस को यह सूचना मिली कि बाबुबरही कोठ गांव में अवैध हथियार रखे गए हैं और अपराध की कोई बड़ी साजिश रची जा रही है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राहुल कुमार के द्वारा इसकी जानकारी उच्च अधिकारीयों को दी गई तथा उनके निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई। थाना पुलिस जब उक्त स्थल पर पहुंची तो पूरे इलाके की घेराबंदी कर सावधानी पूर्वक छापेमारी अभियान शुरू किया गया। इस दौरान पुलिस ने मौके से एक देशी पिस्टल, एक एयरगन, दो मैगजीन, 27 जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। हालांकि, जिस व्यक्ति के घर से यह अवैध हथियार मिले हैं, वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने बरामद हथियारों और कारतूस को विधिवत जप्त कर लिया है तथा आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बरामद किए गए हथियारों के आधार पर यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि अपराधी किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे थे, जिसे समय रहते पुलिस ने विफल कर दिया है। मधुबनी पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने जिले में बढ़ते अपराध पर रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से संवेदनशील इलाकों में अवैध हथियारों और आपराधिक गिरोहों के खिलाफ छापेमारी अभियान तेज किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य जिले में शांति और कानून-व्यवस्था को बनाए रखना है। बताते चलें कि एसपी कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जिले में अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने के उद्देश्य से पुलिस लगातार सक्रिय है। कई स्थानों पर अवैध हथियार कारोबार और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी बाबुबरही थाना पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की छापेमारी से क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त होंगे और लोग अधिक सुरक्षित महसूस करेंगे। आगे पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।

Join us on: