एनएच-27 पर सक्रिय बाइक लुटेरा गैंग का पर्दाफाश, हथियार समेत आरोपी गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्टर — राजीव कुमार झा!

पुलिस की कड़ी कार्रवाई से अपराधी गिरोह धराशायी, जांच में कई नाम आए सामने

एनएच-27 पर सक्रिय बाइक लुटेरा गैंग का पर्दाफाश, हथियार समेत आरोपी गिरफ्तार

बाइक लूट के बाद अपराधी गिरोह बेच देता था वाहन, पुलिस ने खोला राज, जांच में कई नाम आए सामने

मधुबनी जिले के एनएच -27 पर सक्रिय बाइक लूट गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मधुबनी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। फुलपरास थाना क्षेत्र की पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर गिरोह से जुड़े एक सदस्य को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक के पास से लूटी गई मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। मधुबनी पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार के निर्देश पर फुलपरास अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की गई है। पिछले कुछ महीनों से एनएच-27 पर राहगीरों से बाइक लूट की वारदातों में लगातार वृद्धि हो रही थी। अपराधियों की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल था। पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष टीम का गठन किया था, जिसमें फुलपरास थाना समेत अन्य इकाइयों के पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर रविवार, 04 जनवरी को धौंसी गांव निवासी नीतीश कुमार (पिता स्व. नारायण यादव) को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पूछताछ के क्रम में नीतीश ने पुलिस को बताया कि वह एक संगठित गिरोह के साथ मिलकर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देता था। यह गिरोह बाइक लूटने के बाद उन्हें सुवाटोल (थाना अंधरामठ) के मनीष कुमार नामक व्यक्ति को बेच देता था। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह में कुल 10 अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों और खरीददारों के नेटवर्क की भी जांच कर रही है। फुलपरास थाना अध्यक्ष बिक्रम आचार्य ने कहा कि इस अभियान से लूट गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को पकड़ने में सफलता मिली है, जिससे आगामी दिनों में क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगेगा। एफआईआर दर्ज कर ली गई है तथा अन्य विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने आगे बताया कि जिले में संगठित अपराधों के खिलाफ अभियान तेज किया गया है। अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा, ताकि आमजन में कानून-व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके।

Join us on: