रिपोर्ट- अमित कुमार!
पटना
दानापुर अनुमंडल के खगौल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। मुठभेड़ खगौल इलाके में उस समय हुई जब पुलिस एक वांछित अपराधी की तलाश में गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस को देखते ही अपराधी ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ में घायल अपराधी की पहचान मैनेजर राय, निवासी दीदारगंज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मैनेजर राय लंबे समय से पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था और उस पर हत्या, रंगदारी, लूट समेत एक दर्जन से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2022 में खगौल में चर्चित डॉ. मो. अनावर आलम की हत्या के मामले में भी उसकी संलिप्तता सामने आई थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस टीम इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि देख पुलिस ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो अपराधी ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली अपराधी के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया।
घायल अवस्था में मैनेजर राय को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर कर दिया गया। फिलहाल वह पुलिस निगरानी में एम्स में भर्ती है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद खगौल और आसपास के इलाकों में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधी से पूछताछ के बाद उसके नेटवर्क और अन्य आपराधिक मामलों का खुलासा होने की संभावना है। मामले की आगे की जांच जारी है।




