बेगूसराय- (UDID) कार्ड निर्माण के उद्देश्य से प्रखंड स्तर पर विशेष मेडिकल शिविरों का होगा आयोजन!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार बेगूसराय जिले में सभी दिव्यांगजनों का शत-प्रतिशत यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (UDID) कार्ड निर्माण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रखंड स्तर पर विशेष मेडिकल शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

जिला पदाधिकारी द्वारा UDID पोर्टल पर लंबित आवेदनों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि दिव्यांगजनों को उनके आवास के समीप ही चिकित्सकीय जांच, सत्यापन एवं पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

निर्धारित तिथियों को आयोजित होने वाले इन विशेष शिविरों में जांच एवं पंजीकरण का कार्य पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक किया जाएगा।

सहायक निदेशक, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग द्वारा बताया गया है कि शिविर में आने वाले दिव्यांगजनों को अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा आधार कार्ड की छायाप्रति लाना अनिवार्य होगा। शिविरों का आयोजन संबंधित प्रखंडों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा अनुमंडलीय अस्पतालों में किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि दिनांक 05 जनवरी 2026 को बलिया, छौराही एवं मंसुरचक प्रखंडों के लिए क्रमशः अनुमंडलीय अस्पताल बलिया, पीएचसी छौराही एवं सीएचसी मंसुरचक में शिविर आयोजित किया जाएगा। 07 जनवरी 2026 को साहेबपुरकमाल, बखरी एवं भगवानपुर प्रखंडों के लिए पीएचसी साहेबपुरकमाल, पीएचसी बखरी तथा पीएचसी भगवानपुर में शिविर लगाए जाएंगे। इसी क्रम में 08 जनवरी 2026 को डंडारी, नावकोठी एवं बरौनी प्रखंडों के लिए पीएचसी डंडारी, पीएचसी नावकोठी एवं सीएचसी बरौनी में शिविर का आयोजन होगा। 09 जनवरी 2026 को मंझौल, गढ़पुरा एवं मटिहानी प्रखंडों के लिए अनुमंडलीय अस्पताल मंझौल, पीएचसी गढ़पुरा तथा पीएचसी मटिहानी में शिविर आयोजित किए जाएंगे। 10 जनवरी 2026 को खोदावंदपुर, तेघड़ा एवं वीरपुर प्रखंडों के लिए क्रमशः सीएचसी खोदावंदपुर, अनुमंडलीय अस्पताल तेघड़ा एवं पीएचसी वीरपुर में शिविर आयोजित होंगे। वहीं 12 जनवरी 2026 को चेरिया बरियारपुर, बछवाड़ा एवं बेगूसराय सदर प्रखंडों के लिए सीएचसी चेरिया बरियारपुर, सीएचसी बछवाड़ा तथा पीएचसी सदर बेगूसराय में शिविर का आयोजन किया जाएगा। शाम्हो प्रखंड के लिए विशेष रूप से दिनांक 05 जनवरी 2026 को पीएचसी शाम्हो में शिविर निर्धारित है।

प्रत्येक शिविर में मेडिकल बोर्ड की व्यवस्था की गई है, जिसमें फिजिशियन, ऑर्थोपेडिक चिकित्सक, फिजियोथेरेपिस्ट तथा नेत्र सहायक की प्रतिनियुक्ति की गई है। मौके पर ही ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिसके लिए डेटा एंट्री ऑपरेटर एवं कार्यपालक सहायकों की तैनाती की गई है, ताकि दस्तावेज अपलोड कर UDID कार्ड से संबंधित सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण की जा सकें।
जिला पदाधिकारी द्वारा सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि आशा कर्मियों के माध्यम से घर-घर जाकर दिव्यांगजनों को शिविर की जानकारी उपलब्ध कराएंगे तथा उन्हें शिविर स्थल तक लाने में आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करें।

Join us on: