दरभंगा- सरकारी आवास योजना पर संकट, छह महीने से बिना मानदेय काम कर रहे कर्मी।

SHARE:

संवाददाता:- लक्ष्मण कुमार!

सरकारी आवास योजना पर संकट, छह महीने से बिना मानदेय काम कर रहे कर्मी।

दरभंगा। केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी आवास योजनाओं को धरातल पर उतारने में अहम भूमिका निभा रहे आवास कर्मियों को पिछले छह माह से मानदेय नहीं मिलने के कारण गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। मानदेय बंद रहने से कर्मियों के समक्ष भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। बच्चों की पढ़ाई, इलाज तथा परिवार के भरण-पोषण में उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सरकार एक ओर रोजगार उपलब्ध कराने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े आवास कर्मियों को त्योहारों के समय भी मानदेय नहीं मिलना उनके लिए चिंता का विषय बन गया है। चुनाव संपन्न होने के बाद भी आवास कर्मी लगातार फील्ड में ड्यूटी करते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देशों का अनुपालन कर रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें अब तक भुगतान नहीं किया गया है।
बुधवार को आवास कर्मियों ने बहेड़ी प्रखंड विकास पदाधिकारी महोदया के समक्ष अपनी समस्या को लेकर गुहार लगाई। इस दौरान एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा मानदेय भुगतान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे प्राथमिकता के आधार पर जिला स्तरीय पदाधिकारी को भेजने का आश्वासन दिया।
आवास कर्मी संघ के प्रखंड अध्यक्ष राजीव कुमार चौधरी ने कहा कि पिछले छह माह से मानदेय नहीं मिलना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, जबकि प्रतिदिन सरकार की जनहितकारी आवास योजनाओं को सफल बनाने में आवास सहायकों का महत्वपूर्ण योगदान रहता है।
मौके पर राहुल कुमार, बच्चा बाबूलाल देव, प्रणव कुमार ठाकुर, रामनाथ यादव, अमरीश भास्कर, आवास पर्यवेक्षक निरंजन राउत, कार्यपालक सहायक सत्यम कुमार सहित कई आवास कर्मी उपस्थित थे।

Join us on: