रिपोर्ट- संतोष तिवारी!
मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी। बलिया गांव के पास मोबाइल दुकान चलाने वाले 21 वर्षीय युवक अर्जुन कुमार की बाइक सवार अपराधियों ने ओवरटेक कर गोली मारकर हत्या कर दी। युवक को सीने में सटाकर तीन गोलियां मारी गईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अबतक मिली जानकारी के अनुसार, अर्जुन कुमार अपनी मोबाइल दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह बलिया गांव के समीप पीपल के पेड़ के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हत्या के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पिता मुंबई में रहकर मोबाइल एक्सेसरीज का काम करते हैं, जबकि घर की जिम्मेदारी अर्जुन के कंधों पर थी। मृतक की मां रीता देवी ने पड़ोसियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि करीब एक महीने पहले अर्जुन को जान से मारने की धमकी मिली थी। उन्होंने आशंका जताई कि पुरानी रंजिश के चलते ही उनके बेटे की हत्या की गई है। वहीं, बहन ममता कुमारी ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए प्रशासन से न्याय की मांग की है।
सूचना मिलते ही औराई थाना अध्यक्ष राजा सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही, घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पूरे मामले को लेकर SSP सुशील कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है, हालांकि जमीन विवाद और प्रेम प्रसंग समेत सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

