मधुबनी- सेना के सेवानिवृत्त सुबेदार उत्तिम लाल झा के निधन से क्षेत्र में शोक!

SHARE:

रिपोर्टर — राजीव कुमार झा!

मधुबनी जिले के कलुआही प्रखंड अंतर्गत केवटा गांव के सेना से सेवानिवृत्त सुबेदार उत्तिम लाल झा का शनिवार की रात लगभग 03:00 बजे निधन हो गया। वे 91 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। समाजसेवी, पूर्व सैनिक तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उत्तिम लाल झा भारतीय पैदल सेना (इन्फेंट्री) में थे और देश की सेवा में 28 वर्ष तक योगदान दिया। वे अपने कार्यकाल में भारत- पाकिस्तान तथा भारत- चीन युद्धों में शामिल रहे। देश सेवा के उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार सहित कई पदक और सम्मान प्राप्त हुए थे। अपने सेवा काल और सेवानिवृत्ति के बाद भी वे पूरी निष्ठा से सामाजिक कार्यों में सक्रिय बने रहे। सेना जीवन के अनुभवों से ऊर्जावान उत्तिम लाल झा हमेशा युवाओं को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते रहे। उनके व्यक्तित्व में अनुशासन, सरलता और समर्पण की झलक स्पष्ट दिखाई देती थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे समाज के हर कार्य में आगे रहते थे और गांव के विकास के प्रति हमेशा सजग रहते थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही कलुआही थाना के पदाधिकारी प्रशांत पाण्डेय अपने पांच जवानों के साथ पहुंचे और पार्थिव शरीर पर फूल- माला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। तो वहीं, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार, माकपा जिला सचिव मंडल सदस्य एवं लोहा पंचायत पैक्स अध्यक्ष दिलीप झा, नित्यानंद झा, वैद्यनाथ झा, विनय झा, अनिल झा, भरत झा, पंकज झा, राम झा, गुड्डू झा, सेवानिवृत्त सुबेदार कृष्णकांत झा, सेवानिवृत्त नायक राजकुमार झा, सेवानिवृत्त जवान विजय ठाकुर तथा हवलदार (सेवानिवृत्त) नागेन्द्र झा समेत कई सैन्यकर्मियों व ग्रामीणों ने भी श्रद्धांजलि दी है। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे अपने गांव में समाजिक कार्यों में गहरी रुचि रखते थे और ग्रामसभा की हर पहल में बढ़- चढ़कर हिस्सा लेते थे। ग्रामीणों ने बताया कि वे हमेशा युवाओं को शिक्षा और अनुशासन का महत्व समझाते थे। उत्तिम लाल झा अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्र और एक पुत्री सहित भरा- पूरा परिवार छोड़ गए हैं। रविवार को उनका राजकीय सम्मान के साथ दाह संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के समय बड़ी संख्या में लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी गई है।

Join us on: