:- रवि शंकर अमित!
बिहार विद्युत विनियामक आयोग (BERC) द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विद्युत दर (टैरिफ) निर्धारण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस क्रम में राज्य की विद्युत कंपनियों नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL), साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL), बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (BSPTCL), बिहार ग्रिड कंपनी लिमिटेड (BGCL) तथा स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (SLDC) द्वारा दायर टैरिफ याचिकाओं पर निर्णय लेने से पूर्व आयोग द्वारा आम जनता, उपभोक्ताओं, संगठनों एवं अन्य हितधारकों से सुझाव, मंतव्य एवं आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं।
आयोग द्वारा यह प्रक्रिया पारदर्शिता एवं व्यापक जन-सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपनाई जा रही है, ताकि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बिजली की दरें तय करने से पूर्व उपभोक्ताओं की राय को समुचित महत्व दिया जा सके। इसी उद्देश्य से राज्य के विभिन्न स्थानों पर जन-सुनवाई आयोजित करने का निर्णय लिया गया है, जहां उपभोक्ता एवं संबंधित संगठन प्रत्यक्ष रूप से आयोग के समक्ष अपनी बात रख सकेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड से संबंधित जन-सुनवाई 12 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 11:30 बजे बेगूसराय समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी।
इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा जिला एवं अनुमंडल स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता एवं हितधारक इस प्रक्रिया में भाग लेकर अपने सुझाव एवं आपत्तियां दर्ज करा सकें।
जिला प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों के आम नागरिक एवं संगठन से अपील की है कि निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित होकर बिजली दर निर्धारण से जुड़े अपने विचार आयोग के समक्ष रखे।




