रिपोर्ट – संतोष चौहान!
सुपौल :- दिल्ली पब्लिक स्कूल में क्रिसमस डे का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, उमंग और आध्यात्मिक वातावरण के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर पूरे दिन प्रेम, शांति और आनंद के रंगों से सराबोर रहा। इस अवसर पर केजी-1 से कक्षा 4 तक के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राएँ प्रभु यीशु मसीह के सम्मान में विशेष वेशभूषा में सजे-धजे नजर आए। बालिकाएँ एंजेल बनकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ा रही थीं, जिससे वातावरण और भी मनोहारी हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन सभा से हुआ, जिसमें कैरोल सॉन्ग की मधुर और भावपूर्ण प्रस्तुति यूसुफ सर, अर्पिता, अनन्या, रितिका रानी, सिद्धि लाहा एवं ब्यूटी द्वारा दी गई। इस संगीतमय प्रस्तुति ने उपस्थित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रभारी जोश कुट्टू पी.वी. ने अपने प्रेरणादायी संदेश में कहा,
“क्रिसमस का पर्व हमें प्रेम, करुणा, शांति और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। हमें इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाकर समाज में सौहार्द और मानवता की भावना को मजबूत करना चाहिए।”
इसके पश्चात प्रभु यीशु मसीह के साथ प्रधानाचार्य प्रभारी जोश कुट्टू पी.वी. एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यालय की सभी कक्षाओं का भ्रमण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को चॉकलेट वितरित कर क्रिसमस की शुभकामनाएँ दीं, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर विद्यालय में विविध सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे विद्यालय परिसर में प्रेम, शांति, सहयोग और आनंद का अनुपम दृश्य देखने को मिला।
क्रिसमस डे का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए न केवल आनंददायक रहा, बल्कि नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं को आत्मसात करने का एक प्रेरणादायी अवसर भी सिद्ध हुआ।




