रिपोर्ट- संतोष तिवारी!
बिहार/मुजफ्फरपुर
मुजफ्फरपुर जिले में एक बार फिर वंदे भारत एक्सप्रेस को पथराव का शिकार होना पड़ा है। कांटी इलाके में शरारत के दौरान ट्रेन पर किए गए पथराव से वंदे भारत एक्सप्रेस के तीन कोच के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मौके से तीन नाबालिग लड़कों को निरुद्ध किया गया है।
जानकारी के अनुसार नरकटियागंज से आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस संख्या 26502 पर पथराव की सूचना रेल कंट्रोल रूम को मिली थी। बताया गया कि ट्रेन गुजरने के दौरान कुछ शरारती बच्चों ने पत्थर फेंके, जिससे तीन कोचों के शीशे टूट गए।
सूचना मिलते ही रेल पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर मौजूद तीन संदिग्ध नाबालिग लड़कों से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपनी गलती स्वीकार कर ली। बच्चों ने बताया कि वे खेल-खेल में निशाना लगाने का प्रयास कर रहे थे, इसी दौरान पत्थर ट्रेन पर जा लगे।
रेल एसपी वीणा कुमारी ने बताया कि कंट्रोल रूम से वंदे भारत पर पथराव की सूचना मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि पूछताछ में तीनों विधि विरुद्ध बालकों ने स्वीकार किया कि खेल के दौरान उनसे यह हरकत हो गई। चूंकि तीनों नाबालिग हैं, इसलिए उन्हें किशोर न्याय अधिनियम के तहत रिमांड होम भेज दिया गया है।
घटना के बाद रेलवे और पुलिस प्रशासन ने पथराव जैसी घटनाओं को गंभीर बताते हुए लोगों से सतर्कता बरतने और बच्चों को इस तरह की खतरनाक हरकतों से दूर रखने की अपील की है।




