रिपोर्ट- संतोष तिवारी!
मुजफ्फरपुर के बनारस बैंक चौक स्थित एक मध्य विद्यालय की आधा दर्जन छात्राएं अश्लील हरकत, धक्का मुक्की और छेड़खानी से दहशत में हैं। पीड़ित छात्राएं चंदवारा इलाके के अलग-अलग मोहल्ले की हैं। छेड़खानी का आरोप उसी कैम्पस में चलने वाले स्कूल के छात्र पर लगाया है। इस घटना को लेकर छात्राओं के परिजन और मोहल्ले के लोगों में काफी आक्रोश है।छात्राओं का कहना कि बीते दिन दोबारा कई छात्राओं के साथ यह हरकत की गई। इसके बाद परिजन मोहल्ले के लोगों के साथ स्कूल पहुंचे और आरोपित की तलाश शुरू कर दी। हालांकि, आरोपित छात्र फरार मिला। इस दौरान डायल 112 पर शिकायत की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने इस संबंध में छात्राओं, उनके परिजन व स्कूल के शिक्षक से प्राचार्य तक से जानकारी ली। फिर थाने में आवेदन देने को कहा, छात्राओं ने पुलिस को बताया कि स्कूल के समय आरोपित अश्लील हरकत करता है। विरोध करने पर धमकी देता है। उसके परिजन भी स्कूल में आकर मारपीट की धमकी देते हैं। उसने बीते दिन भी छेड़खानी और गलत कमेंट किया। विरोध पर मारपीट पर उतारू हो गया। तब इसकी जानकारी स्कूल के प्राचार्य और परिजन को दी गई। छात्राओं के परिजनों का कहना है कि स्कूल के प्राचार्य आरोपितों के खिलाफ जल्द ही थाने में आवेदन देंगे।इधर, स्कूल के प्राचार्य ने पुलिस को बताया कि विरोध करने पर आरोपित परिवार के अन्य लोगों के साथ उनके ऑफिस में आकर गाली-गलौज करते हुए दुर्व्यवहार किया। उसके परिजनों ने हत्या की धमकी दी। बीच बचाव में आए अन्य शिक्षकों के साथ भी दुर्व्यवहार किया। वहीं, दूसरे स्कूल के प्रभारी ने कहा कि यह आरोप बेबुनियाद है। जिस लड़के पर आरोप लगाया गया है, उससे पूछताछ की गई और कहा गया कि जांच कर दंडित किया जाएगा, मगर संबंधित स्कूल ने अभिभावकों को बुला लिया। डीईओ कुमार अरविन्द सिन्हा ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।




