हज़रत शाह मो० निज़ामुद्दीन तेगी क़ादरीؒ का तीसरा सालाना उर्स श्रद्धा व शांति के साथ संपन्न।

SHARE:

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार!


फख़्र-ए-आरिफ़ीन, मुहिब्बुल फ़ुक़रा हज़रत सूफ़ी शाह मोहम्मद निज़ामुद्दीन तेगी क़ादरीؒ (सरकार हाजीपुर) का तृतीय भव्य उर्स गुरुवार को मरचा के निज़ामी नगर सराय, राइस मिल के समीप अकीदत और रूहानियत के माहौल में संपन्न हुआ। उर्स के अवसर पर पूरा इलाका रूहानी नूर और श्रद्धा से सराबोर नजर आया। इस मौके पर ख़ानक़ाह-ए-निज़ामिया तेगीया मरचा सराय, वैशाली के सज्जादानशीन व पीर-ए-तरीक़त हज़रत मौलाना मोहम्मद शाहिद निज़ामी तेगी क़ादरी ने कहा कि उर्स आपसी भाईचारे, मोहब्बत और अमन का पैग़ाम देता है। उन्होंने बताया कि ज़ायरीन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन समिति की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ की गई थीं।

उर्स में दूर-दराज़ से आए आशिक़ान-ए-रसूल, मुरीदीन, खलीफ़ा-ए-इकराम एवं अकीदतमंदों ने शिरकत कर दुआओं और फ़ातिहा के ज़रिए हज़रत की बारगाह में खिराज-ए-अकीदत पेश की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सूफ़ी अब्दुल कलाम यूसुफ़ी निज़ामी ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि उर्स जैसी रूहानी महफ़िलें समाज में सौहार्द, भाईचारा और इंसानियत की भावना को मज़बूत करती हैं। आयोजन समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेकर आपसी एकता को और सुदृढ़ करें।

उर्स में मुख्य अतिथि के रूप में शहीद-ए-आज़म कमिटी, वैशाली के सचिव मो. नसीम अहमद उपस्थित रहे।

Join us on: