रिपोर्ट- अमित कुमार!
पटना, 15 दिसंबर 2025 – नई जिम्मेदारी की शुरुआत से पहले, भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन ने आज सुबह पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में पूजा‑अर्चना की। मंदिर में उन्होंने भगवान हनुमान से राज्य और देश की सुख‑समृद्धि की कामना की, फिर राजवंशी नगर स्थित नवीन सिन्हा पार्क में अपने पिता, दिवंगत भाजपा नेता स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे, जो “नितिन नवीन जिंदाबाद” के नारे लगाते हुए उनका स्वागत कर रहे थे।
नितिन नवीन ने इस अवसर पर भावुक होकर कहा, “मेरे पिता के विचार, सिद्धांत और संघर्ष ही मेरे सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा हैं। मैं उन्हीं के दिखाए मार्ग पर चलकर संगठन और जनसेवा के कार्यों को पूरी निष्ठा से आगे बढ़ाता रहूँगा” उन्होंने यह भी बताया कि नई राष्ट्रीय भूमिका मिलने के बाद उनका पहला कदम इस धार्मिक यात्रा से शुरू हुआ, जिससे उन्हें ऊर्जा और आशीर्वाद मिला ।
पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी इस समारोह में उपस्थित थे, जिनमें बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल और विधायक संजय गुप्ता शामिल सभी ने नितिन नवीन को नई जिम्मेदारी पर बधाई दी और उनके नेतृत्व में पार्टी को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की आशा जताई।
नितिन नवीन ने मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि वह इस नई भूमिका को पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ निभाएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों को जन‑जन तक पहुँचाने का प्रयास करेंगे । उनका यह धार्मिक और भावनात्मक कदम पार्टी में नई ऊर्जा का संचार करने वाला माना जा रहा है।




