तेज रफ्तार और अवैध साइलेंसर से दहशत फैलाने वाले युवकों पर सख्त कार्रवाई!

SHARE:

रिपोर्टर — राजीव कुमार झा!

मधुबनी पुलिस का शोर और रफ्तार पर एक्शन, साइलेंसर खोलकर बाइक दौड़ाने वालों पर कसा शिकंजा

कोचिंग समय पर उत्पात मचाने वाले बाइकरों पर कार्रवाई, शहर की शांति भंग करने वालों पर होगी पुलिस की नजर

मधुबनी पुलिस अधीक्षक के आदेश पर बुधवार की शाम शहर में अवैध साइलेंसर बाइकिंग और तेज रफ्तार वाहन चालकों के खिलाफ विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान मधुबनी शहर से लेकर मेडिकल कॉलेज रोड तक कई प्रमुख चौक- चौराहों और सड़कों पर एक साथ संचालित किया गया। जानकारी के अनुसार, हाल के दिनों में शहर के विभिन्न इलाकों, खासकर आर.के. कॉलेज रोड, हेरिटेज रोड और कोतवाली चौक से मेडिकल कॉलेज जाने वाले मार्ग पर कुछ नवयुवकों के द्वारा बिना साइलेंसर की मोटरसाइकिल से तेज रफ्तार में आवाज मचाते हुए बाइक चलाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इस अनुशासनहीन बाइकिंग से स्थानीय नागरिकों एवं विद्यार्थियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन युवकों का उद्देश्य केवल दिखावा करना और सड़क पर अनावश्यक उपद्रव फैलाना है। स्कूल और कोचिंग के समय वे सड़कों पर खतरनाक तरीके से बाइक दौड़ाते हैं जिससे छात्र-छात्राओं के आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है। तो वहीं, शाम के समय तेज आवाज और लापरवाह ड्राइविंग से राहगीरों के लिए खतरा पैदा होता है। बढ़ती शिकायतों को देखते हुए पुलिस ने इस पर सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने न केवल बिना साइलेंसर और तेज रफ्तार चलाने वाले बाइक चालकों को रोका बल्कि उनके विरुद्ध जुर्माना भी वसूला गया है। कई मोटरसाइकिलों को जब्त कर यातायात नियमों के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सघन कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार की पहल पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य सड़कों पर अनुशासन बहाल करना और सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित करना है। पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को नियमों का पालन करने और तेज रफ्तार ड्राइविंग से बचने की हिदायत दें। शहरवासियों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इससे मधुबनी की सड़कों पर शांति और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार आएगा।

Join us on: