रिपोर्ट- बिकास कुमार!
सहरसा
कहरा एवं सौरबाजार प्रखंड क्षेत्र में जनवितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न वितरण के दौरान पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बिट्टू कुमार ने अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन सौंपा है। उन्होंने मांग की है कि उन्हें खाद्यान्न वितरण के समय संबंधित दुकानों पर मौजूद रहने की अनुमति दी जाए, ताकि लाभुकों को बिना कटौती और बिना किसी वसूली के पूरा अनाज मिल सके।
दिए गए आवेदन में बिट्टू कुमार ने कहा कि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान क्षेत्र भ्रमण के समय अनेक लाभुकों ने शिकायत की थी कि कुछ डीलरों द्वारा निर्धारित मात्रा से कम अनाज दिया जा रहा है। जबकि वर्तमान समय में सरकार द्वारा लाभुकों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके बावजूद कई जगहों पर लाभुकों से रुपये वसूले जाने की बातें सामने आती रहती हैं।
उन्होंने कहा कि वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी से अनियमितताओं पर रोक लगेगी तथा वास्तविक लाभुकों को उनका हक सही मात्रा में मिल सकेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जनता की सुविधा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए उनकी उपस्थिति की अनुमति प्रदान की जाए।




