रिपोर्ट – सुमित कुमार!
मुंगेर : भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के निर्देश पर शुक्रवार को प्रेक्षागृह में आपकी पूंजी, आपका अधिकार जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। वित्तीय सेवाएं विभाग, वित्त मंत्रालय द्वारा अनक्लेम्ड एसेट्स के त्वरित और सुगम निपटान के उद्देश्य से इस अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी कल्याण कुमार, क्षेत्रीय प्रमुख अंशु झा, अंचल प्रमुख राजीव रंजन सिन्हा तथा मुंगेर चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अशोक सितारिया ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में गया जी जोन सहित विभिन्न जिलों के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के 41 शाखा प्रबंधक शामिल हुए। मुख्य अतिथि कल्याण कुमार को अंचल प्रमुख द्वारा शॉल और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान डीईएफ अकाउंट के चार ग्राहकों को लाभ प्रदान किया गया, साथ ही प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत दो परिवारों को दो-दो लाख रुपये के चेक सौंपे गए।
अपने संबोधन में प्रबंध निदेशक कल्याण कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक का आर्थिक रूप से सशक्त होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अक्सर परिवार के बड़े-बुजुर्ग आपातकाल के लिए धन सुरक्षित रखते हैं, जिसकी जानकारी परिवार को नहीं होती। इसी समस्या के समाधान के लिए सरकार ने आरबीआई के उद्गम पोर्टल की शुरुआत की है, जिसके माध्यम से नागरिक अपने या परिजनों के भूले-बिसरे खातों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया इस राष्ट्रीय मुहिम में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और लोगों को उनकी पूंजी तक सरल एवं त्वरित पहुंच दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बाइट – कल्याण कुमार प्रबंध निदेशक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया




