रिपोर्ट- संतोष चौहान!
सुपौल :- सरायगढ़-भपटियाही अंचल अंतर्गत मुरली पंचायत के वार्ड संख्या–06 में आग लगने की अत्यंत दुखद घटना हुई, जिसमें पाँच घर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। इस अग्निकांड में झुलसने से दो बच्चों की दर्दनाक मृत्यु हो गई। मृतक दोनों सगे भाई-बहन थे—लड़की की उम्र लगभग 14 वर्ष तथा लड़का लगभग 12 वर्ष थी।
अग्निकांड में मानवीय क्षति के साथ-साथ पशुधन की भी भारी हानि हुई, जिसमें 20 बकरियाँ तथा 04 गायें जलकर मर गईं।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी, सुपौल ने आज प्रातः घटनास्थल पहुँचकर स्थिति का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवारों से मिलकर सांत्वना व्यक्त की तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।
अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को तत्काल राहत के रूप में ₹12,000 का चेक, पॉलिथीन शीट, सूखा राशन एवं अन्य आवश्यक सामग्रियाँ प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त, आगे की सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया गया है।




