रिपोर्ट- अरविंद कुमार!
समस्तीपुर रोसड़ा अनुमंडल स्टेडियम के मैदान में बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सभा को संबोधित करने के लिए पहुंचे जहां विधान परिषद के सदस्य डॉ तरुण कुमार ने गृह मंत्री को गदा भेंटकर सम्मानित किया। स्टेडियम मैदान में अमित शाह के पहुंचते ही भारत माता की जय और जय श्री राम के गगनभेदी नारे के साथ वहां उपस्थित एनडीए प्रत्याशियों ने उनका भव्य स्वागत किया। अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए अमित शाह ने कहा कि बिहार में विकास की गति और तेज होने की जरूरत है। उन्होंने कहा मां-बहनों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे। श्री शाह ने मंच पर मौजूद एनडीए प्रत्याशियों को जिताने के लिए जनता से अपील की। उन्होंने कहा यह चुनाव किसी को विधायक या मंत्री बनाने का नहीं, बल्कि बिहार में फिर से जंगलराज नहीं आने देने और विकास की सरकार बनाये रखने की लड़ाई है। अमित शाह ने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि सौ चूहे खाकर बिल्ली चले हज को यही हाल आज तेजस्वी यादव का है। जो कल तक हत्याओं और अपहरण के दौर में सत्ता में थे, आज नैतिकता की बात कर रहे हैं। एनडीए सरकार के 20 साल में बिहार से नक्सलवाद खत्म हुआ, हत्याएं और नरसंहार बंद हुए। अब स्कूलों में पढ़ाई, अस्पतालों में दवाई, खेत में सिंचाई और युवाओं को कमाई मिल रही है। उन्होंने कहा कि लालू यादव और सोनिया गांधी अपने बेटों को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बनाने की सोचते हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जनता के बेटे हैं, जो देश और बिहार के विकास की चिंता करते हैं। गृह मंत्री ने बताया कि लालू प्रसाद के कार्यकाल में मात्र 2.80 लाख करोड़ का विकास बजट था, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 18.15 लाख करोड़ की विकास योजनाएं बिहार को मिली हैं। उन्होंने विस्तार से बताया कि 8 करोड़ 52 लाख गरीबों को 5 किलो मुफ्त अनाज, 87 लाख किसानों को हर साल 6,000 की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, 44 लाख शौचालय, 3.5 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य बीमा, एक लाख 60 हजार घरों में शुद्ध पेयजल, बाढ़ राहत कार्य, सड़क व पुल निर्माण के लिए 4 लाख करोड़ से अधिक की राशि दी गई। उन्होंने कहा कि 2005 के पहले बिहार में हत्या, लूट, अपहरण और नरसंहार होता था। आज बिहार में बीस साल और केंद्र में ग्यारह साल की सरकार में एक भी घोटाला नहीं हुआ, जबकि लालू-राबड़ी राज में चारा, अलकतरा, बाढ़ राहत और खेलकूद घोटालों से बिहार बदनाम हुआ। तेजस्वी यादव पर प्रहार करते हुए कहा छोटे मियां तो छोटे मियां, बड़े मियां सुबहानल्लाह, पिता से भी आगे बढ़कर घोटाले में रिकॉर्ड बना दिया, नौकरी के नाम पर जमीन कब्जा कर भ्रष्टाचार का नया अध्याय लिखा। गृह मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत एक करोड़ तीस लाख महिलाओं के खाते में दस हजार दिए गये हैं। 125 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को पैंतीस प्रतिशत आरक्षण, पटना मेट्रो, पेंशन 4 सौ से बढ़ाकर 11 सौ, आशा कार्यकर्ताओं को 3 हजार, आंगनबाड़ी सेविकाओं को 9 हजार तथा मोबाइल भत्ता जैसी कई योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले लालू प्रसाद यादव की सरकार में सड़कों पर गड्ढे और गधों में फर्क नहीं दिखता था, लेकिन आज फोरलेन और सिक्स लेन सड़कों से बिहार का चेहरा बदल गया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास की रफ्तार पकड़ ली है। उन्होंने कहा एनडीए सरकार में धारा तीन सौ सत्तर की समाप्ति, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, सीतामढ़ी में मां सीता मंदिर निर्माण कार्य और दो लाख करोड़ से अधिक के विकास बजट की चर्चा करते हुए कहा कि अगले पांच सालों में बिहार विकसित राज्यों की श्रेणी में होगा। इस बार के चुनाव में एनडीए को दो सौ पार ले जाना है। मौके सांसद शाम्भवी चौधरी, विधान पार्षद डॉ तरुण कुमार एवं चारों विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी समेत एनडीए घटक दलों के जदयू, भाजपा, लोजपा (रामविलास), रालोमो एवं हम सेकुलर के कार्यकर्ता एवं काफी संख्या में श्रोता उपस्थित थे।




