:- रवि शंकर अमित!
जेपी ने बिहार की ही नहीं, देश की राजनीति को नया आयाम दिया : डॉ. दिलीप जायसवाल
जेपी आंदोलन से निकले लालू यादव ने जेपी को ठगा : डॉ. दिलीप जायसवाल
पटना, 11 अक्टूबर। बिहार भाजपा के अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने आज लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने उनके किये गए कार्यों को याद किया।
उन्होंने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश के विचार, त्याग और समर्पण की भावना सदैव हमें प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने जनआंदोलन के माध्यम से लोकतंत्र की रक्षा की और भारत के राजनीतिक व सामाजिक जीवन में आदर्श की स्थापना की।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कहा, ” लोकनायक ने बिहार की ही नहीं, देश की राजनीति को नया आयाम दिया। उन्होंने जहां लोकतंत्र पर किए गए कुठाराघात आपातकाल को लेकर इस बिहार की धरती से ऐसे आंदोलन का सूत्रपात किया, जिसकी गूंज पूरे देश में गूंजी।”
उन्होंने लालू यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि दुर्भाग्यवश जेपी आंदोलन से निकले कई नेता सत्ता मिलते ही भ्रष्टाचार में डूबते चले गए और सत्ता के लिए उसी कांग्रेस की गोद में बैठ गए, जिसके कुशासन से लड़ते हुए आगे बढ़े थे।
उन्होंने कहा कि आज जेपी की आत्मा भी उन्हें देखकर रोती होगी। खुद को जेपी के शिष्य बताने वाले लालू यादव ने बिहार में 15 साल के अपने राज में चारा घोटाले से अलकतरा घोटाले तक भ्रष्टाचार के काले पहाड़ बनाकर जेपी के आदर्शों को कलंकित किया। उन्होंने सही अर्थों में लोकनायक को ठगा है।
