बांका से अश्वनी श्रीवास्तव की विशेष रिपोर्ट

रजौन प्रखंड में कुल 259 बूथों पर कूल 66.85 प्रतिशत हुआ मतदान।
करीब 2100 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला, ईवीएम व बैलट बॉक्स में बंद।
आगामी 10 अक्टूबर को होगा मतगणना, प्रत्याशियों की धड़कनें तेज।
बांका : तीसरे चरण का पंचायत चुनाव रजौन प्रखंड क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल में शुक्रवार को संपन्न हो गया। यहां कुल 66.85 प्रतिशत मतदान होने की खबर है। मतदान संपन्न होते ही विभिन्न पदों के लिए करीब 2100 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवएम सहित बैलट बॉक्स में बंद हो गया। इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला अब आगामी 10 अक्टूबर को होने वाले मतगणना के दौरान होगा। मतदान के बाद प्रत्याशियों की धड़कनें भी फैसले को लेकर तेज हो गई है। मतदान के दौरान कहीं से कोई अप्रिय वारदात की सूचना नहीं है, हालांकि कुछ जगहों पर हल्की नोकझोंक की खबरें जरूर मिली, लेकिन प्रशासनिक पदाधिकारियों के सक्रियता की वजह से दबंगों की एक न चली। यहां कुल 259 बूथों पर चुस्त-दुरुस्त प्रशासनिक व्यवस्था के तहत सुबह के 7:00 बजे से मतदान शुरू हो गया था, हालांकि प्रखंड के कुल 11 जगहों पर मॉक पोल के दौरान ही सीयू खराब होने की सूचना मिली, लेकिन इसे थोड़ी देर बाद ही बदल दिया गया और इसके बाद मतदान शुरू हुआ। कुछ मतदान केंद्रों पर शाम के 6:00 बजे तक मतदाताओं के लाइन में खड़ेेे रहने से मतदान कार्य जारी रहा। इधर मतदान के दौरान डीएम सुहर्ष भगत व एसपी अरविंद गुप्ता के नेतृत्व में विभिन्न बूथों पर प्रशासनिक महकमा गश्त करती रही। मतदान के दौरान चार पहिया वाहनों व दोपहिया वाहनों के परिचालन पर भी प्रशासन ने रोक लगा रखा था। बेवजह बूथ के करीब घूमने वाले लोगों की प्रशासन ने खबर भी ली। दर्जनों वाहनों को जहां जब्त किया गया, वहीं दर्जनों लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। मतदान के दौरान डीडीसी रवि प्रकाश, एसडीएम प्रीति, एसडीपीओ दिनेश चंद्र श्रीवास्तव सहित अन्य वरीय प्रशासनिक पदाधिकारियों का काफिला भी रजौन में डटा रहा। रजौन के बीडीओ राजकुमार पंडित, सीओ मोहम्मद मोइनुद्दीन, सीडीपीओ सुनीता कुमारी, बीईओ राकेश सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारियों का दल क्षेत्र की स्थिति से लगातार अवगत हो रहे थे।




