रिपोर्ट- सुमित कुमार!
मुंगेर : विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर रविवार को जिला पशुपालन अस्पताल में मुफ्त टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. कमलदेव यादव ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान पालतू जानवरों, विशेषकर कुत्तों और बिल्लियों को नि:शुल्क रेबीज का टीका लगाया गया।
डॉ. यादव ने बताया कि जिले में तीन पशु अस्पतालों में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मुंगेर शहर के लिए रेबीज टीके की एक सौ डोज उपलब्ध कराई गई है। चिकित्सकों की देखरेख में पालतू जानवरों को सुरक्षित तरीके से टीका लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस टीकाकरण से जानवरों में रेबीज का खतरा कम हो जाता है और इंसानों में संक्रमण फैलने की आशंका भी काफी हद तक घट जाती है।उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने पालतू जानवरों का समय-समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि पशुओं और इंसानों दोनों का स्वास्थ्य सुरक्षित रह सके। विश्व रेबीज दिवस पर आयोजित इस अभियान को लेकर पालतू पशु मालिकों में उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोग अपने पालतू जानवरों को टीका लगवाने अस्पताल पहुंचे।




