रिपोर्ट- सुमित कुमार!
-मुंगेर दुर्गा पूजा को शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को कोतवाली थाना परिसर में जिला प्रशासन ने बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर और पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने केंद्रीय विसर्जन पूजा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ आवश्यक रणनीति तय की।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी शांति समिति की बैठक में पूजा समितियों द्वारा दिए गए सुझावों पर विचार किया गया है। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि हर जगह शांति व्यवस्था कायम रखते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण मिले। उन्होंने पूजा समिति के पदाधिकारियों से उनकी तैयारियों और आवश्यकताओं की जानकारी ली और दिशा-निर्देश भी दिए।
एसपी सैयद इमरान मसूद ने कहा कि प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि या गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने समिति के सदस्यों से सहयोग की अपील की।बैठक में सदर एसडीएम कुमार अभिषेक, एसडीपीओ अभिषेक आनंद, कोतवाली थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी सहित पूजा समिति के कई पदाधिकारी मौजूद थे।




