नवादा से अनिल शर्मा की रिपोर्ट

नवादा। मंगलवार को बहुजन समाज पार्टी के बिहार प्रदेश प्रभारी श्रीकांत नवादा पहुंचे। इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। प्रदेश प्रभारी के साथ प्रदेश अध्यक्ष कुणाल किशोर विवेक तथा प्रदेश महासचिव दिलीप दास भी उपस्थित थे। इस दौरान प्रदेश के नेताओं ने जिले के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती पर चर्चा किया। साथ ही पंचायत चुनाव में पार्टी के कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया। जिला अतिथि गृह में मीडिया को संबोधित करते हुए बिहार प्रदेश प्रभारी श्रीकांत ने कहा कि पार्टी की समीक्षा लिए बिहार के प्रत्येक जिले का दौरा कर रहा हूं। इसी क्रम में नवादा पहुंचा हूं। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में पार्टी के कार्यकर्ता एकजुटता का परिचय देते हुए अपनी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। पार्टी हर संभव मदद करने का प्रयास करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि 9 अक्टूबर को बिहार प्रदेश कार्यालय में काशीराम की पुण्यतिथि मनाई जाएगी जिसमें नवादा के सभी कार्यकर्ता भाग लेना सुनिश्चित करेंगे। मौके पर जिलाध्यक्ष सरोज चौधरी, जिला कोषाध्यक्ष डॉ अशोक प्रसाद, जिला प्रभारी रामस्वरूप राजवंशी, रामबालक रविदास, कृष्णा चौधरी, विपिन कुमार सिंह, राजपति राम, बाली मांझी, कृष्णा चौधरी तथा त्रिलोकी नाथ यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।




