रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया
महात्मा गांधी जयंती (02 अक्टूबर) के अवसर पर आयोजित होने वाले “सेवा पखवाड़ा” अभियान का शुभारंभ माननीय प्रधानमंत्री, भारत सरकार द्वारा 17 सितम्बर 2025 को किया जाएगा। अभियान को सफल बनाने हेतु जिला प्रशासन, खगड़िया द्वारा विशेष तैयारियाँ की जा रही हैं।
इस क्रम में जिला पदाधिकारी श्री नवीन कुमार ने निर्देश जारी करते हुए बताया कि—
17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025 तक जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य को बढ़ावा देना, शिक्षा, जल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण एवं सेवा भाव को मजबूत करना है।
सभी विभागीय पदाधिकारियों को 15 सितम्बर तक अपना-अपना रोस्टर तैयार कर जिला स्तर पर समर्पित करने का निर्देश दिया गया है।
प्रत्येक विभाग का नोडल पदाधिकारी अपने अधीनस्थ पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध कराएगा और यह सुनिश्चित करेगा कि सेवा पखवाड़ा की सभी गतिविधियाँ पोर्टल पर दर्ज हों।
निगरानी समितियों का गठन
जिला स्तर पर निगरानी समिति : उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला6 कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जीविका परियोजना प्रबंधक सहित 12 अधिकारियों को नामित किया गया है।
प्रखंड स्तर पर निगरानी समिति : प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, पंचायत राज पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, कृषि पदाधिकारी, उद्योग विस्तार पदाधिकारी, स्वच्छता पर्यवेक्षक आदि को शामिल किया गया है।
विशेष गतिविधियाँ
अभियान के दौरान जिलेभर में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर, योजनाओं का लाभ वितरण, महिला समूहों की बैठक, शैक्षिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने प्रखंड अंतर्गत पंचायत स्तर तक अभियान की गतिविधियों को सफलतापूर्वक संपन्न कराएँ।




