रिपोर्टर — राजीव कुमार झा
– मधुबनी जिला सिविल कोर्ट में आज एक महत्वपूर्ण निर्णय सुनाया गया, जिसमें जिला जज अनामिका टी ने सकरी थाना क्षेत्र के चर्चित डॉक्टर हत्या कांड में अभियुक्त देवेंद्र झा उर्फ ललन झा को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 और 323 के तहत दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही 10,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया।
यह मामला सकरी थाना कांड संख्या 113/23 से जुड़ा है, जिसकी घटना 7 जून 2023 को घटित हुई थी। मृतक डॉक्टर ईशनाथ झा, जो सकरी के प्रतिष्ठित और समाजसेवी नागरिक थे, अपने पड़ोसी देवेंद्र झा के हाथों बर्बरतापूर्वक मारे गए थे। जानकारी के अनुसार, घटना के दिन अभियुक्त अपने दरवाजे पर बैठकर मृतक को गाली दे रहा था। जब डॉक्टर झा इसका कारण जानने पहुंचे, तो अभियुक्त ने लोहे की सरिया से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर वही सरक पर गिर पड़े।
डॉक्टर झा को बचाने पहुंचे उनके छोटे भाई दयानंद झा पर भी हमला किया गया, जिसमें उनका बायां हाथ टूट गया और वे घायल हो गए। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई थी। मुकदमे के दौरान गांव के कुल 14 चश्मदीद गवाहों ने अदालत में बयान देकर अभियुक्त के अपराध को प्रमाणित किया।
अधिवक्ता विजय कुमार मिश्रा ने जानकारी दी कि मामले की सुनवाई के बाद 30 जून 2025 को अदालत ने अभियुक्त को दोषी ठहराया और आज अंतिम रूप से सजा सुनाई गई। इस फैसले के बाद मृतक पक्ष के लोगों ने अदालत के फैसले का स्वागत किया है।




