प्रशान्त कुमार की रिपोर्ट

बेगूसराय से बड़ी खबर आ रही है । पानी से भरे गड्ढे में डूबने से चाचा- भतीजे की मौत हो गई है। घटना के संबंध में बताया जाता है तेघड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गौड़ा पंचायत 2 के मुसहरी गाँव स्थित एक पोखर के पास पानी भरे गड्ढे में डूबने से चाचा- भतीजे की मौत हो गई। घटना के बाद गाँव और पीड़ित के घर मे कोहराम मच गया। मृतकों की पहचान गौड़ा पंचायत 2 के वार्ड 4 मुसहरी निवासी बूदो राय का करीब 16 वर्षीय पुत्र विककी कुमार एवं रंजीत राय का करीब 12 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। दोनों शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख व पुकार शुरू हो गया और पूरा माहौल गमगीन हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही तेघड़ा थाना पुलिस, तेघड़ा बीडीओ संदीप कुमार पांडेय, सीओ परमजीत सिरमौर, आरजेडी नेता कामदेव यादव, भाकपा तेघड़ा अंचल सचिव प्रदीप राय, जदयू तेघड़ा प्रखंड अध्यक्ष देवकुमार, मुखिया शम्भू पासवान, उप मुखिया गिरीश कुमार, ग्रामीण नीतीश कुमार, चंदन कुमार समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे। तेघड़ा थाना पुलिस कागज़ी कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया । वहीं तेघड़ा बीडीओ मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हज़ार रुपये का चेक प्रदान करने की प्रक्रिया में लगे रहे। घटना के सम्बंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि गाँव के पास ही चिमनी स्थित एक गड्ढा है जहां 3 बच्चे एक साथ नहाने गए हुए थे। इसी क्रम में 12 वर्षीय प्रिंस कुमार पानी मे डूबने लगा, जिसे विक्की कुमार बचाने ने का प्रयास किया लेकिन दोनों पानी मे डूब गये। वहीं मौके पर मौजूद करीब 8 वर्षिय युवक आयुष कुमार ने भी दोनों को बचाने का प्रयास किया लेकिन वह इसमे सफल नही हो पाया और वह भागा भागा गाँव पहुंचकर लोगों को प्रिंस और विक्की के पानी मे डूबने की सूचना दी। उक्त सूचना मिलते ही गाँव के लोग मौके पर पहुंचकर एक के बाद एक दोनों बच्चों को पानी से बरामद करने में सफल हो गए लेकिन तबतक दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी। लोगों ने बताया कि विक्की कुमार और प्रिंस कुमार अपने माता पिता का इकलौता पुत्र था। विक्की से बड़ी दो बहन और उससे छोटी चार बहन है। कुल 6 बहनों में वह एकलौता भाई था। वहीं प्रिंस कुमार से दो बड़ी बहन है और एक छोटी बहन है। कुल 3 बहनों में वह एकलौता भाई था। विक्की 10 वी वर्ग का छात्र था और वह इस दफा मैट्रिक की परीक्षा देने वाला था। जबकि प्रिंस 5 वी वर्ग में पढ़ता था। दोनों आपस मे चाचा भतीजा था। विक्की चाचा था और प्रिंस भतीजा था। इस घटना के बाद दोनों के घरों में कोहराम मचा हुआ था।




