रिपोर्ट- धर्मेंद्र कुमार
आम लोगों से शालीनता से व्यवहार करने की शपथ लेने वाली मोतिहारी पुलिस एक बार फिर सवालों के घेरे में है। एक महिला सब-इंस्पेक्टर का थप्पड़ कांड सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वायरल वीडियो में एक युवक की पिटाई करते हुए महिला पुलिसकर्मी और उनके साथ मौजूद एक शख्स साफ दिख रहे हैं। अब इस पूरे मामले में एसपी ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
यह वीडियो मोतिहारी शहर के कुंआरी देवी चौक का बताया जा रहा है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वाहन जांच के दौरान एक महिला दारोगा बाइक सवार युवक को थप्पड़ मारती हैं। इसके बाद उनके साथ मौजूद एक युवक — जो सिविल ड्रेस में है — बाइक सवार की बेरहमी से पिटाई करता है।
अब सवाल उठ रहे हैं कि यह सिविल ड्रेस में मौजूद युवक कौन है? क्या वह थाना स्टाफ है या किसी पुलिसकर्मी का प्राइवेट ड्राइवर? आखिर उसे किसी आम नागरिक पर हाथ उठाने का अधिकार किसने दिया?
वायरल वीडियो को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। वहीं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित महिला पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया है और वीडियो में दिख रहे कथित प्राइवेट ड्राइवर के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया है।




