रिपोर्ट- सुमित कुमार!
-मुंगेर तारापुर पुलिस ने चैन स्नैचिंग की घटना का सफलतापूर्वक उद्भेदन करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपर थाना अध्यक्ष अभिनंदन कुमार के नेतृत्व में की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल को धोबई गांव की वृद्धा मंजुला देवी तारापुर बाजार आई थीं। इसी दौरान उल्टा महादेव मंदिर के समीप तीन युवकों ने उन्हें सोने के समान गिलट का टुकड़ा दिखाकर बहकाया और उनके कान की सोने की बाली लेकर फरार हो गए। इस मामले में पीड़िता के पुत्र ने थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई और सुल्तानगंज में छापेमारी कर दो आरोपियों मंगल कुमार एवं ऋतिक कुमार दोनों निवासी आदर्श कॉलोनी, सुल्तानगंज जिला भागलपुर को गिरफ्तार किया गया। एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।पूछताछ में खुलासा हुआ कि घटना के दिन ही कान की बाली को स्थानीय सोनार के पास ले जाकर गलवा दिया गया था। पुलिस उस सोनार की भूमिका की जांच कर रही है। घटना में प्रयुक्त लाल और काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल तथा दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि कल प्रभारी के रूप में कार्यरत थाना अध्यक्ष अभिनंदन कुमार के नेतृत्व में बहुत ही सराहनीय कार्य किया गया है। इस प्रकार की घटना पूर्व में यहां नहीं घटी थी, जिसमें कुछ युवकों द्वारा सोने के समान दिखने वाला गिलट दिखाकर एक वृद्ध महिला से उनके कान की बाली छीनी गई। इस प्रकार की नई आपराधिक प्रवृत्ति को पहचानना, उसका उद्भेदन करना और अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार करना निश्चित रूप से प्रशंसनीय है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है तथा तीसरे की तलाश जारी है। घटना में प्रयुक्त बाइक और मोबाइल भी बरामद कर लिए गए हैं। इस कार्य के लिए पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।
बाइट-सिंधु शेखर सिंह एसडीपीओ तारापुर




