दानापुर में पूर्व विधायक आशा सिन्हा के बेटे से मारपीट, दो युवक हिरासत में!

SHARE:

रिपोर्ट- अमित कुमार!

दानापुर में पूर्व विधायक आशा सिन्हा के बेटे से मारपीट, दो युवक हिरासत में — तेज प्रताप बोले “ये है बिहार का असली जंगल राज”

दानापुर (पटना), 1 मई 2025: दानापुर के रूपसपुर थाना क्षेत्र में भाजपा की पूर्व विधायक आशा सिन्हा के बेटे सहजानंद सिन्हा के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। आशा सिन्हा ने आरोप लगाया है कि जब वे भाजपा कार्यालय से अपने बेटे और बॉडीगार्ड के साथ लौट रही थीं, तभी डीपीएस मोड़ के पास एक वाहन ने ओवरटेक करने की कोशिश की। इस पर उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवा दी।

इसी दौरान पीछे से आई गाड़ी से दो युवक उतरे और कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते एक युवक ने फोन कर 8-10 साथियों को बुला लिया और मामला हाथापाई में बदल गया। इस झड़प में सहजानंद सिन्हा के सिर में चोट लगने की बात सामने आई है।

घटना की सूचना मिलते ही रूपसपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मारपीट में शामिल दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

इस पूरे मामले पर राजद नेता तेज प्रताप यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “ये है बिहार का असली जंगल राज। पूर्व विधायक आशा सिन्हा बीच सड़क पर अपने बॉडीगार्ड और गुंडे कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों से मारपीट कर रही हैं।” तेज प्रताप का बयान घटना को लेकर सियासी रंग देने का संकेत देता है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है। घायल सहजानंद सिन्हा को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Join us on:

Leave a Comment