रिपोर्ट- अमित कुमार!
केंद्रीय कैबिनेट द्वारा जातीय जनगणना को मंजूरी मिलने के बाद बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। इस मुद्दे पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जोरदार प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि मोदी ने देशवासियों के वर्षों पुराने सपने को साकार कर दिया है।
सम्राट चौधरी ने कहा:
“देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जातीय जनगणना की शुरुआत करके इस देश के सपने को पूरा करने का काम किया है।”
उन्होंने बताया कि राज्य के 21 जिलों के प्रभारी मंत्री जातीय जनगणना को लेकर अलग-अलग जिलों में प्रेस वार्ता करेंगे, जिससे जनता तक इसकी अहमियत पहुंच सके।
सम्राट चौधरी ने दावा किया कि – “कांग्रेस की सोनिया गांधी हो, राहुल गांधी हों, लालू प्रसाद यादव हों या मुख्यमंत्री नीतीश कुमार – सबके सपनों को पूरा करने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया है।”
राजद और विपक्ष पर हमला:
नेता प्रतिपक्ष द्वारा पटाखे फोड़कर खुशी जताने पर तंज कसते हुए सम्राट चौधरी ने कहा—
“चार सांसद वाले दल को क्या क्रेडिट देना? लोकतंत्र में जनमत होता है, और आज पूरा जनमत प्रधानमंत्री मोदी के साथ है।”
“राजद को काम करने का तरीका नहीं आता, बस सोचते हैं कि सारी जमीन हमारी है और सब कुछ हम ही हड़प लेंगे।”
लालू प्रसाद के ट्वीट पर पलटवार:
लालू प्रसाद यादव द्वारा ‘यूनाइटेड फ्रंट’ की सरकार में जातीय जनगणना प्रस्ताव पारित होने की बात पर सम्राट चौधरी ने कटाक्ष करते हुए कहा—
“अगर 1995-96 में यह पारित हुआ था तो अब तक लागू क्यों नहीं हुआ?”
“10 साल तक लालू यादव के समर्थन से केंद्र में सरकार रही, फिर भी इसे लागू नहीं कराया गया – तो इसके अपराधी कौन हैं?”
महिलाओं के आरक्षण पर बयान:
“मैं सोनिया गांधी को इसलिए याद करता हूं क्योंकि वो राजीव गांधी का सपना बताती हैं कि महिलाओं को आरक्षण मिले। लेकिन लालू यादव ने तो उस आरक्षण की कॉपी ही फाड़ दी थी।”
अंत में सम्राट चौधरी ने कहा—
“सपने सब देखते हैं, लेकिन उन्हें पूरा सिर्फ नरेंद्र मोदी ही कर सकते हैं। बाकी सब तो बस क्रेडिट लेने की राजनीति कर रहे हैं।”




