एनडीए का जनाधार अटूट, 2025 में हमारी ही सरकार बनेगी- नित्यानंद राय!

SHARE:

रिपोर्ट- अमित कुमार

बिहार की राजनीति में 2025 के चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज़ हो गई है। इसी कड़ी में पटना एयरपोर्ट पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने मीडिया से बातचीत करते हुए महागठबंधन को आड़े हाथों लिया।

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी द्वारा 2025 में महागठबंधन सरकार बनाने के आह्वान पर प्रतिक्रिया देते हुए नित्यानंद राय ने कहा कि जनता झूठ के साथ नहीं, बल्कि सच के साथ होती है। बिहार की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूरी आस्था जता चुकी है और राज्य में एनडीए का जनाधार अटूट है।

उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार विकास की राजनीति करती है, जबकि आरजेडी का शासनकाल केवल जंगलराज और अराजकता का पर्याय रहा है। बिहार की जनता अब परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को नकार चुकी है।

एनडीए की प्राथमिकता – विकास और विरासत

नित्यानंद राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश की संस्कृति, परंपरा और विरासत में विश्वास रखती है, जबकि कुछ दल वोट बैंक की राजनीति के लिए इसे नकारने में लगे हैं। उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि गरीबों के लिए शौचालय, गांव-गांव तक सड़क, हर घर बिजली, 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालना, करोड़ों रोजगार के अवसर और आत्मनिर्भर भारत का सपना भाजपा की प्राथमिकता है।

बाइट:

“बिहार की जनता को विकास चाहिए, जंगलराज नहीं। इसलिए जनता का विश्वास एनडीए पर है और 2025 में शानदार तरीके से एनडीए की सरकार बनेगी।”

बिहार में अगले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दलों ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। ऐसे में एनडीए की मजबूती और महागठबंधन की तैयारियों पर आगे क्या असर पड़ेगा, यह देखना दिलचस्प होगा। इस पर हम आपको आगे भी अपडेट देते रहेंगे।

बने रहें

Join us on:

Leave a Comment