रिपोर्ट- सुमित कुमार!
-मुंगेर : अरुण कुमार पोद्दार पर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व ने भरोसा करते हुए एक बार फिर से उन्हें मुंगेर जिला भाजपा की कमान सौंप दी है। भाजपा संगठन पर्व की अंतिम बैठक के दौरान मकससपुर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उनके नाम की औपचारिक घोषणा उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने की। इस मौके पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जिसमें हर कार्यकर्ता को बराबर सम्मान मिलता है। भाजपा के कार्यकर्ता रोटी के लिए राजनीति नहीं करते हैं, वह अपनी रोटी खाकर समाज हित की चिंता करते हैं। भाजपा न किसी परिवार की पार्टी है न किसी खास जाति की, यह जमात की पार्टी है और हर वर्ग- समुदाय के लोगों को साथ लेकर चलने में तथा उनके सर्वांगीण विकास में विश्वास रखती है। भाजपा कार्यकर्ता तुलसी के पत्ते के समान हैं, जिसमें हर एक का समान महत्व है। उन्होंने कहा कि सज्जनता, सहजता और सहनशीलता भाजपा कार्यकर्ताओं की पहचान है। हमारे यहां पद मिलने पर कार्यकर्ता अहंकार नहीं करते बल्कि उनके अंदर दायित्व बोध का विकास होता है। इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव जीतने का मंत्र देते हुए कहा कि पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र के हर परिवार से संपर्क स्थापित कर उनके साथ संवाद करेंगे तथा 2025 के विधानसभा चुनाव में पार्टी व एनडीए के सभी प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार को विकसित बनाए बिना राष्ट्र को विकसित करने का सपना अधूरा रह जाएगा। ऐसे में हमें अपने प्रधानमंत्री के स्वप्न को साकार करने के लिए बिहार में एनडीए के नेतृत्व में मजबूत सरकार बनानी है। इसके माध्यम से ही हम बिहार और बिहारी को कलंकित करने वालों से बिहारवासियों को मुक्ति दिला सकेंगे। इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री ने पार्टी के सभी 20 नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्षों को भी सम्मानित किया।
बाइट विजय कुमार सिन्हा उप मुख्यमंत्री
इससे पूर्व कार्यक्रम को मुंगेर विधायक प्रणव कुमार, संगठन प्रभारी विपिन कुमार सिंह, चुनाव प्रभारी पिंकी कुशवाहा, प्रदेश प्रवक्ता प्रो. अजफर शमसी आदि ने भी संबोधित किया। मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष कुमार प्रणय, राजेश जैन, दिलीप रंजन, प्रो. अंजू भारद्वाज, ब्यूटी विश्वास, सपना मेहता, संजीव मंडल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता प्राण रंजन विकास ने किया।




