रिपोर्ट- अमित कुमार!
बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह के खिलाफ भाजपा नेता मिथिलेश तिवारी ने पटना सिविल कोर्ट में किया मानहानि का केस
बिहार भाजपा के प्रदेश महामंत्री और बक्सर से NDA प्रत्याशी रहे मिथिलेश तिवारी ने बक्सर के राजद सांसद सुधाकर सिंह के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज किया है। तिवारी ने आरोप लगाया कि सुधाकर सिंह ने उनके खिलाफ असत्य और अपमानजनक बयान देकर उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई है।
पटना, 1 नवम्बर। बिहार भाजपा के प्रदेश महामंत्री और पिछले लोकसभा चुनाव में बक्सर से NDA प्रत्याशी रहे मिथिलेश तिवारी ने बक्सर के राजद सांसद सुधाकर सिंह के खिलाफ पटना की मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में आपराधिक मानहानि का मुकदमा दर्ज किया है। अधिवक्ता राधेश कुमार शर्मा द्वारा दायर परिवाद पत्र संख्या 13659/2024 में तिवारी ने कहा है कि सुधाकर सिंह ने 29 अक्टूबर 2024 को एक ऑनलाइन इंटरव्यू में उन पर 12 करोड़ रुपये की जमीन खरीदने का आधारहीन आरोप लगाया।
तिवारी का कहना है कि सांसद द्वारा दिए गए इस झूठे बयान से उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है, साथ ही यह उनके परिवार और शुभचिंतकों को भी बक्सर में बदनाम करने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पहले ही 1 अक्टूबर को कानूनी नोटिस भेजी गई थी, लेकिन सुधाकर सिंह ने न तो कोई जवाब दिया और न ही माफी मांगी।
तिवारी ने अदालत के समक्ष इस इंटरव्यू की सीडी और अन्य दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत किए हैं और उम्मीद जताई है कि न्यायालय सांसद सुधाकर सिंह के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करेगा।




