रिपोर्ट – बिकास कुमार!
24 नवंबर को सहरसा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने का दिया निमंत्रण, 23 नवंबर को हर घर में 11 दीप जलाने की अपील
सोनवर्षा राज/ (सहरसा)।
सुशासन दिवस-नीतीश संवाद कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सादा ने शुक्रवार को सोनवर्षाराज प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से मुलाकात कर आगामी 24 नवंबर को सहरसा के पूजा वेंकटेश में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
इसी क्रम में देहद पंचायत के वार्ड संख्या चार में कार्यकर्ता बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता जदयू प्रखंड अध्यक्ष जयकुमार सिंह ने की, जबकि संचालन प्रखंड उपाध्यक्ष रौशन कुमार सिंह ने किया। बैठक में मंत्री रत्नेश सादा सहित अन्य अतिथियों को मिथिला परंपरा के अनुसार पाग, माला और चादर देकर सम्मानित किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री रत्नेश सादा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दो दशक के कार्यकाल में बिहार में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और सुशासन के क्षेत्र में कई बदलाव हुए हैं। उन्होंने कहा कि गांव-गांव तक सड़क और बिजली पहुंचाने के साथ ही पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को आरक्षण देकर नेतृत्व का अवसर प्रदान किया गया है।
मंत्री ने कार्यकर्ताओं और आमजनों से 24 नवंबर को सहरसा में आयोजित सुशासन दिवस-नीतीश संवाद कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। साथ ही 23 नवंबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दीर्घायु जीवन की कामना को लेकर प्रत्येक घर में 11 दीप जलाने का आग्रह किया।
इससे पूर्व मंत्री ने मैना, कोपा, बिंदटोली, काशनगर, रघुनाथपुर और सरौनी सहित विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
मौके पर जयकुमार सिंह, शंभूनाथ सिंह, गवेंद्र कुमार सिंह, ओंकार नाथ सिंह, डॉ. भी कुमार, अजीत कुमार सिंह, दीपक कुमार सिंह, चुड़ामणि झा, अमृत कामत, हरदेव मुखिया, दिनेश राम, संजय विश्वास, मुन्ना साह, मुन्ना विश्वास, महेश्वर सादा, चलित्तर सादा, बिलास सादा और राधेश्याम पासवान सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।



