:- अंकित त्रिपाठी की रिपोर्ट
(फतुहा): आगामी छठ पूजा के मद्देनजर पटना सिटी अनुमंडलाधिकारी सत्यम सहाय ने मंगलवार को सभी छठ घाटों का निरीक्षण किया। चूंकि इस बार बाढ़ आ जाने के कारण सभी नदियों का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था जिसके कारण नदी किनारे मिट्टी कटाव ज्यादा हो गया था एवं बड़े-बड़े गड्ढे भी नदियों के किनारे बन गए हैं। इसी को लेकर छठ पूजा में किसी भी अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने छठ के पहले ही अपनी कमर कस ली है। बताते चलें कि आगामी 5 नवंबर से नहाय-खाय के साथ छठ पूजा की शुरूआत होगी। और आज से लगभग 20 दिनों का समय शेष है। इसी को लेकर अनुमंडलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों के साथ नाव के द्वारा सभी घाटों का निरीक्षण किया। वही विशेष रूप से एसडीओ ने मौनिया घाट, त्रिवेणी घाट, मस्ताना घाट और कटैया घाट पर ध्यान देने की बात कही है। वही नदी के जलस्तर बढ़ जाने से कटैया घाट का रोड व दीवार क्षतिग्रस्त हो गया है, इसके लिए एसडीओ ने बताया कि जल-संसाधन विभाग को इस समस्या से अवगत करा दिया गया है और जल्द ही इसे ठीक कर दिया जाएगा एवं छठ व्रतियों व श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए जिला-प्रशासन पुरी तरह से तत्पर है। साथ ही साथ एसडीओ ने स्थानीय समितियों से भी बैठक आयोजित कर विचार-विमर्श किया। निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष फतुहा रूपक कुमार अंबुज, अंचलाधिकारी, सिटी मैनेजर नगर परिषद, कार्यपालक पदाधिकारी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।




