रिपोर्ट- अमित कुमार!
पटना बिहटा
बिहार में औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से राज्य के पहले ड्राई पोर्ट और इनलैंड कंटेनर डिपो (ICD) का उद्घाटन 21 अक्टूबर 2024 को बिहटा में बिहार सरकार के उद्योग और पर्यटन मंत्री नीतीश मिश्रा द्वारा किया गया। यह महत्वपूर्ण परियोजना प्रिस्टिन मगध इंफ्रास्ट्रक्वचर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्थापित की गई है, जो बिहार के औद्योगिक विकास में एक मील का पत्थर साबित होगी। इस अवसर पर अजय सक्सेना (प्रधान मुख्य आयुक्त कस्टम्स-पटना जोन), जयंत कुमार चौधरी (मंडल रेल प्रबंधक, दानापुर डिवीजन), बंदना प्रेयषी (सचिव, उद्योग विभाग), और आलोक रंजन घोष (निदेशक, उद्योग विभाग) उपस्थित थे।
बिहार, जो एक कृषि प्रधान राज्य है, अब औद्योगीकरण की दिशा में भी तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। राज्य के प्रमुख निर्यात वस्तुओं में मक्का, लीची, चावल, पैक्ड फूड, स्पंज आयरन और वेस्ट पेपर जैसी वस्तुएं शामिल हैं, जो राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बिहार की स्थिति को सुदृढ़ कर रही हैं। नए ICD बिहटा के उद्घाटन से राज्य के निर्यातकों और आयातकों को कस्टम्स क्लीयरेंस और अन्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिलेंगी, जिससे उन्हें वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा।
यह ICD रेल के माध्यम से कोलकाता, हल्दिया, विशाखापत्तनम, नहवा शेवा, और मुंद्रा जैसे प्रमुख बंदरगाहों से जुड़ा हुआ है, जो बिहार के व्यापार और उद्योग क्षेत्र को नया आयाम देगा।




